राजेन्द्रबाला घोष (बंग महिला) की ‘चंद्रदेव से मेरी बातें’ (कहानी)

‘चंद्रदेव से मेरी बातें’ कहानी –

राजेन्द्रबाला घोष (बंग महिला) की समीक्षा और पात्र परिचय – 

लेखिका का परिचय-

हिन्दी की प्रथम कहानीकार श्रीमती राजेन्द्र बाला घोष (छद्दम नाम- बंग महिला) का जन्म 1882ई० में बनारस में हुआ था। बंग महिला हिंदी- नवजागरण की पहली छापामार लेखिका थी। उनके पिता का नाम रामप्रसन्न घोष और माता का नाम नीदरवासिनी घोष था। उनको बचपन में ‘रानी’ और ‘चारुबाला’ के नाम से पुकारा जाता था। उनका विवाह पूर्ण चंद्रदेव के साथ हुआ था। सन् 1904 से 1917 तक उनकी रचनाएँ विभिन्न प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रहीं। अपने दो बच्चों की असमय मृत्यु और पति के निधन से वे टूट गईं। इन दोनों सदमों के कारण वे मौन हो गईं और लेखनी को भी विराम दे दिया।

कहानियाँ:

चंद्रदेव से मेरी बातें (1904), कुंभ में छोटी बहू (1906), दुलाईवाली 1907 में ‘सरस्वती’ पत्रिका में प्रकाशित। भाई-बहन – 1908 में ‘बाल प्रभाकर’ पत्रिका में प्रकाशित। दालिया (1909), हृदय परीक्षा – 1915 में ‘सरस्वती’ पत्रिका में प्रकाशित।

‘चंद्रदेव से मेरी बातें’ कहानी का मुख्य बिंदु:

  • चंद्रदेव से मेरी बातें’ कहानी पहले निबंध के रूप में 1904 के सरस्वती’ पत्रिका में प्रकाशित हुई थी। बाद में इसे कई पत्र-पत्रिकाओं में कहानी के रूप में प्रकाशित किया गया। लक्ष्मी सागर वैष्णवी जी ने अपने निबंध ‘नवनीत’ में लिखा है। ‘चंद्रदेव से मेरी बातें’ ‘कहानी’ नहीं एक ‘निबंध’ है।
  • यह पत्रात्मक शैली में लिखी पहली कहानी है, जिस पर ‘शिवशम्भु के चिठ्ठे’ निबंध का प्रभाव देखा जा सकता है।
  • बंग महिला ने इस कहानी में अर्थनीति और राजनिति को केंद्र में रखकर तत्कालीन वायसराय ‘लार्ड कर्जन’ और उसकी व्यवस्था पर व्यंग्य किया है।
  • पदोन्नति के लिए सिफ़ारिस और चाटुकारिता का वर्णन किया गया है।
  • इसमें तत्कालीन समय के सामाजिक, राजनैतिक तथा आर्थिक समस्याओं का चित्रण है।   
  • बंगाल विभाजन सरकार के स्तर पर 1903 में शुरू हो चुकी थी और 1904 में तत्कालीन अंग्रेजी सरकार के द्वारा यह विचार जनता के सामने प्रकाशित हुआ था।
  • बंग महिला ने बांग्ला साहित्य का हिन्दी अनुवाद किया जो कई पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुआ।
  • इस रचना में हिन्दी, अंग्रेजी और हिन्दी के तत्सम शब्दों की बहुलता है। 
  • इस कहानी में देश की बदहाल आर्थिक दशा और देश में फैली बेरोजगारी एवं नारी के साथ अमानवीय व्यवहार का भी जिक्र है।
  • सन् 1911 में नागरी प्रचारणी सभा वाराणसी से प्रकाशित उनकी पुस्तक कुसुम संग्रह में संकलित इस संग्रह का संपादन आचार्य रामचंद्र शुक्ल जी ने किया था।
  • इस कहानी में लेखिका संवादात्मक शैली में चंद्रदेव से बातें करती है।   

कहानी में मुख्य दो पात्र है- भगवान चंद्रदेव और स्वयं लेखिका (बंग महिला)

कहानी का सारांश- भगवान चंद्रदेव! आपके कमलवत कोमल चरणों में इस दासी का अनेक बार प्रणाम। आज मैं आपसे दो चार बातें करने की इच्छा रखती हूँ। देखो, सुनी अनसुनी सी मत कर जाना। अपने बड़प्पन की ओर ध्यान देना। अच्छा! कहती हूँ, सुनों। मैं सुनती हूँ कि आप इस आकाश मंडल में चिरकाल से वास करते हैं। क्या यह बात सत्य है? यदि सत्य है?  तो मैं अनुमान करती हूँ कि इस सृष्टि के साथ ही साथ अवश्य आपकी भी सृष्टि हुई होगी। तब तो आप ढेर दिन के पुराने, बूढ़े कहे जा सकते हैं। यह क्यों? क्या आपके डिपार्टमेंट (महकमे) में ट्रांसफर (बदली) होने का नियम नहीं है? क्या आपकी ‘गवर्नमेंट’ पेंशन भी नही देती? बड़े खेद की बात है? यदि आप हमारी न्यायशील गवर्नमेंट के किसी विभाग में सर्विस करते होते तो अब तक आपकी बहुत कुछ पदोन्नति हो गई होती। और ऐसी पोस्ट पर रहकर भारत के कितने ही सुरम्य नगर, पर्वत, जंगल और झाड़ियों में भ्रमण करते। अंत में इस वृद्ध अवस्था में पेंसन प्राप्त कर काशी जैसे पुनीत और शान्ति-धाम में बैठकर हरि नाम स्मरण करके अपना परलोक बनाते। यह हमारी बड़ी भारी भूल हुई भगवान् चंद्रदेव! क्षमा कीजिए, आप तो अमर हैं; आपको मृत्यु कहाँ? तब परलोक बनाना कैसा? वो हो! देवता भी अपने जाति के कैसे पक्षपाती होते हैं। देखो न चंद्रदेव को अमृत देकर उन्होंने अमर कर दिया- तब यदि मनुष्य होकर अंग्रेज अपने जाती वालों का पक्षपात करें तो आश्चर्य ही क्या है? अच्छा, यदि आपको अंग्रेज जाति कि सेवा करना स्वीकार हो तो, एक एप्लीकेशन (निवेदन पत्र) हमारे आधुनिक भारत प्रभु लार्ड कर्जन के पास भेज देवें। आशा है कि आदरपूर्वक आपको अवश्य आह्वान करेंगे। क्योंकि आप अधम भारतवासियों के भांति कृष्णांग तो हैं ही नहीं, जो आपको अच्छी नौकरी देने में उनकी गौरांग जाती कुपित हो उठेगी। और फिर, आप तो एक सुयोग्य, कार्यदक्ष, परिश्रमी, बहुदर्शी, कार्यकुशल और सरल स्वभाव महात्मा हैं। मैं विश्वास करती हूँ, कि जब लार्ड कर्जन हमारे भारत के स्थाई भाग्य विधाता बनकर आवेंगे, तब आपको किसी कमीशन का मेम्बर नहीं तो किसी मिशन में भरती करके वे अवश्य ही भेज देवेंगे क्योंकि उनको कमीशन और मिशन, दोनों ही, अत्यंत प्रिय हैं।

आपके चंद्रलोक में जो रीति और नीति सृष्टि के आदि काल में प्रचलित थे वे ही सब अब भी हैं। पर यहाँ तो इतना परिवर्तन हो गया है कि भूत और वर्तमान में आकाश पातल का सा अंतर हो गया है। मैं अनुमान करती हूँ कि आपके नेत्रों की ज्योति भी कुछ अवश्य ही मंद पड़ गई होगी। क्योंकि आधुनिक भारत का संतान लड़कपन से ही चश्मा धारण करने लगी है; इस कारण आप हमारे दीन, हीन, क्षीणप्रभ भारत को उतनी दूर से भलीभाँति न देख सकते होंगे। अतएव आपसे सादर कहती हूँ कि एक बार कृपाकर भारत को देख तो जाइए यद्यपि इस बात को जानती हूँ कि आपको इतना अवकाश कहाँ? पर आठवें दिन नहीं, तो महीने में एक दिन, अर्थात अमावस्या को, तो आपको ‘हॉलिडे’ (छूट) अवश्य ही रहती है। यदि आप उस दिन चाहे तो भारत भ्रमण कर जा सकते हैं।

इस भ्रमण में आपको कितने ही नूतन दृश्य देखने को मिलेंगे। जिसे सहसा देखकर आपकी बुद्धि जरुर चकरा जायेगी। यदि आपसे सारे हिन्दोस्तान का भ्रमण शीघ्रता के कारण न हो सके तो केवल राजधानी कलकत्ता को देख लेना तो अवश्य ही उचित है। वहाँ के कल कारखानों को देखकर आपको यह अवश्य ही कहना पड़ेगा कि यहाँ के कारीगर तो विश्वकर्मा के भी लड़कदादा निकले। यही क्यों, आपकी प्रिय सहयोगिनी दामिनों, जो मेघों पर आरोहण करके आनंद से अठखेलियाँ किया करती हैं वह बेचारी भी यहाँ मनुष्य के हाथों का खिलौना हो रही हैं। भगवान् निशानाथ! जिस समय आप अपनी निर्मल चन्द्रिका को बटोर मेघमाला अथवा पर्वतों की ओट से सिन्धु के गोद में जा सकते हैं, उस समय यही नीरद-वासनी, विश्वमोहिनी, सौदामिनी, अपनी उज्जवल मूर्ति से आलोक प्रदान कर, रात को दिन बना देती हैं। आपके देवलोक में जितने भी देवता हैं उनके वाहन भी उतने हैं- किसी का गज, किसी का हंस, किसी का बैल, किसी का चूहा इत्यादि। पर यहाँ तो सारा बोझ आपकी चपला और अग्नि देव के माथे मढ़ा गया है। क्या ब्राह्मण, क्या क्षत्रिय, क्या वैश्य, क्या शुद्र, क्या चाण्डाल, सभी के रथों का वाहन वही हो रही है।

हमारे श्वेतांग महाप्रभु गण को, जहाँ पर कुछ कठिनाई का सामना आ पड़ा, झट उन्होंने इलेक्ट्रिसिटी (बिजली) को ला पटका। बस कठिन से कठिन कार्य सहज में सम्पादन कर लेते हैं। और हमारे यहाँ के उच्च शिक्षा प्राप्त युवक काठ के पुतलों कि भाँति मुँह ताकते रह जाते हैं। जिस व्योमवासिनी विद्युत देवी को स्पर्श तक करने का किसी व्यक्ति का साहस नहीं हो सकता, वही आज पराये घर में आश्रिता नारियों की भाँति ऐसे दबाव में पड़ी है, कि वह चूं तक नहीं कर सकती। क्या करे? बेचारी के भाग्य में विधाता ने दासी-वृति ही लिखा था।

हरिपदोद्भवा त्रैलोक्यपावनी सुरसरी के भी खोटे दिन आये हैं, वह भी अब स्थान-स्थान में बंधनग्रस्त हो रही है। उसके वक्षस्थल पर जहाँ-तहाँ मोटे वृहदाकार खम्भ गाड़ दिए गए हैं। कलकता आदि को देखकर आपके देवराज सुरेन्द्र भी कहेंगे कि हमारी अमरावती तो इसके आगे निरी फीकी सी जान पड़ती है। वहाँ ईडन गार्डन तो पारिजात परिशोभित नन्दन कानन को भी मात दे रहा है। वहाँ के विश्वविद्यालय के विश्वश्रेष्ठ पंडितों की विश्वव्यापीनी विधा को देखकर वीणापाणी सरस्वती देवी भी कहने लग जाएगी, कि निःसंदेह इन विधा दिग्गजों की विधा चमत्कारिणी हैं। वहीं के फोर्ट विलियम के फौजी सामान को देखकर, आपके देव सेनापति कार्तिकेय बाबू के भी छक्के छूट जायेंगे। क्योंकि देव सेनापति महाशय देखने में खास बंगाली बाबू से जँचते हैं। और उनका वाहन भी एक सुन्दर मयूर है। बस इससे, उनके वीरत्व का भी परिचय खूब  मिलता है। वहाँ के मिंट (टकसाल) को देखकर सिंधुतनया आपकी प्रिय सहोदरा कमला देवी तथा कुबेर भी अकचका जायेंगे। भगवान् चंद्रदेव! इन्हीं सब विश्वम्योत्पादक अपूर्व दृश्यों का अवलोकन करने के हेतु आपको सादर निमंत्रित तथा सविनय आहूत करती हूँ। सम्भव है कि यहाँ आने से आपको अनेक लाभ भी हों। आप जो अनादी काल से निज उज्वल वपु में कलंक की कालिमा लेपन करके कलंकी शशांक, शशधर, शाशालांछान आदि उपाधि-मालाओं से भूषित हो रहे हैं। सिंधु तनया होने पर भी जिस कालिमा को आप आज तक नहीं धो सके हैं,  वहीं आजन्म-कलंक शायद यहाँ के विज्ञानविद पण्डितों की चेष्टा से छूट जाए। जब बम्बई में स्वर्गीय महारानी विक्टोरिया देवी की प्रतिमूर्ति से काला दाग छुड़ाने में प्रोफेसर गज्जर महाशय फलीभूत हुए हैं, तब क्या आपके मुख की कालिमा छुड़ाने में वे फलीभूत न होंगे?

शायद आप पर यह बात भी अभी तक विदित नहीं हुई कि आप और आपके स्वामी सूर्य भगवान् पर जब हमारे भूमंडल की छाया पड़ती हैं, तभी आप लोगों पर ग्रहण लगता है। पर आपका तो अब तक, वही पुराना विश्वास बना हुआ है कि जब कुटिल ग्रह राहु आपको निगल जाता है तभी ग्रहण होता है। पर ऐसा थोथा विश्वास करना आप लोगों की भारी भूल है। अतः हे देव! मैं विनय करती हूँ कि आप अपने हृदय से इस भ्रम को जड़ से उखाड़कर फेंक दें। अब भारत में आपके, और न आपके स्वामी भुवनभास्कर सूर्य महाशय के ही वंशधरों का साम्राज्य है और न अब भारत की वह शस्यश्यामला स्वर्ण प्रसूतामूर्ति ही है। अब तो आप लोगों के अज्ञात, एक अन्य द्वीपवासी परम शक्तिमान, गौरांग महाप्रभु इस सुविशाल भारत-वर्ष का राज्य वैभव भोग रहे हैं। अब तक मैंने जिन बातों का वर्णन आपसे स्थूल रूप में किया वह सब इन्हीं विधा विशारद गौरांग प्रभुओं के कृपा कटाक्ष का परिणाम है। यों तो यहाँ प्रतिवर्ष पदवी दान के समय कितने ही राज्य विहीन राजाओं की सृष्टि हुआ करती है, पर आपके वंशधरों में जो दो चार राजा-महाराजा नाम मात्र के हैं भी, वे काठ के पुतलों की भांति हैं। जैसे उन्हें उनके रक्षक नचाते हैं, वैसे ही वे नाचते हैं। वे इतनी भी जानकारी नहीं रखते की उनके राज्य में क्या हो रहा है-उनकी प्रजा दुखी है, या सुखी?

      यदि आप कभी भारत-भ्रमण करने को आयें तो अपने ‘फैमिली डॉक्टर’ धन्वन्तरि महाशय को और देवताओं के ‘चीफ जस्टिस’ चित्रगुप्त’ जी को साथ अवश्य लेते आएं। आशा है कि धन्वन्तरी महाशय यहाँ के डॉक्टरों के सन्निकट चिकत्सा संबंधी बहुत कुछ शिक्षा का लाभ कर सकेंगे। यदि प्लेग महाराज (ईश्वर न करे) आपके चंद्रलोक या देवलोक में घुस पड़े तो, वहाँ से उनको निकालना कुछ सहज बात न होगी। यहीं जब चिकित्सा शास्त्र के बड़े-बड़े पारदर्शी उन पर विजय नहीं पा सकते, तब वहाँ आपके देवलोक में जड़ीबूटियों के प्रयोग से क्या होगा? यहाँ के ‘इण्डियन पिनल कोड’ की धाराओं को देखकर चित्रगुप्त जी महाराज अपने यहाँ की दण्ड विधि (कानून) को बहुत कुछ सुधार सकते हैं। और यदि बोझ न हो तो यहाँ से वे दो चार ‘टाईपराइटर’ भी खरीद ले जाए। जब प्लेग महाराज के अपार अनुग्रह से उनके ऑफिस में कार्य की अधिकता होवे, तब उससे उनकी ‘राइटर्स बिल्डिंग’ के राइटर्स के काम में बहुत ही सुविधा और सहायता पहुँचेगी। वे लोग दो दिन का काम दो घंटे में कर डालेंगे।

      अच्छा, अब मैं आपसे विदा लेती हूँ। मैंने तो आपसे इतनी बातें कही, पर खेद है, आपने उनके अनुकूल या प्रतिकूल एक बात का भी उत्तर नहीं दिया। परन्तु आपके इस मौनावलम्बन को स्वीकार का सूचक समझती हूँ। अच्छा तो मेरी प्रार्थना को कबुल करके एक दफा यहां आइएगा जरुर।

बंग महिला (राजेन्द्रबाला घोष), सस्वती 1904 ई०

Leave a Reply

Fill in your details below or click an icon to log in:

WordPress.com Logo

You are commenting using your WordPress.com account. Log Out /  Change )

Facebook photo

You are commenting using your Facebook account. Log Out /  Change )

Connecting to %s

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.